Tuesday, February 6, 2018

अंधकार की चिंता छोड़ो और प्रकाश को प्रदीप्त करो। जो अंधकार का ही विचार करते रहते हैं, वे प्रकाश तक कभी नहीं पहुंच पाते हैं।

जीवन में बहुत विकार है। और अंधकार की ही भांति अशुभ और अनीति है। कुछ लोग इन विकारों को स्वीकार कर लेते हैं और तब उनके भीतर जो प्रकाश तक पहुंचने और उसे पाने की आकांक्षा थी, वह कम होती जाती है।  विकारों की यह स्वीकृति मनुष्य का सबसे बड़ा पाप है। यह मनुष्य का स्वयं अपने ही प्रति किया गया अपराध है। उसके दूसरों के प्रति किये गये अपराधों का जन्म इस मूल-पाप से ही होता है। यह स्मरण रहे कि जो व्यक्ति अपने ही प्रति इस पाप को नहीं करता है, वह किसी के भी प्रति कोई पाप नहीं कर सकता है। किंतु, कुछ लोग विकारों के स्वीकार से बचने के लिये उसके अस्वीकार करने में लग जाते हैं। उनका जीवन विकार मिटाने का ही उपक्रम बन जाता है। यह भी भूल है। अंधकार को मान लेने वाला भी भूल में है। न अंधकार को मानना है, न उससे लड़ना है। जो जानता है, वह प्रकाश को जलाने की आयोजना करता है। अंधकार की अपनी सत्ता नहीं है। वह प्रकाश का अभाव मात्र है। प्रकाश के आते ही वह नहीं पाया जाता है। और ऐसा ही अशुभ है, ऐसा ही अधर्म है। अशुभ को,  अधर्म को मिटाना नहीं, शुभ का,धर्म का दिया जलाना ही पर्याप्त है। आत्मिक ज्योति ही अधर्म की मृत्यु है।


अंधकार से लड़ना अभाव से लड़ना है। वह विक्षिप्तता है। लड़ना है, तो प्रकाश पाने के लिये अहम से लड़ो- जिसे प्रकाश का बोध होता है, उसका अंधकार  मिट जाता है।

Www.facebook.com/kevalshudhsatye

No comments:

Post a Comment